हिंदी विवेक
  • Login
  • परिचय
  • संपादकीय
  • पूर्वांक
  • ग्रंथ
  • पुस्तक
  • संघ
  • देश-विदेश
  • पर्यावरण
  • संपर्क
  • पंजीकरण
No Result
View All Result
  • परिचय
  • संपादकीय
  • पूर्वांक
  • ग्रंथ
  • पुस्तक
  • संघ
  • देश-विदेश
  • पर्यावरण
  • संपर्क
  • पंजीकरण
No Result
View All Result
हिंदी विवेक
No Result
View All Result

ईरान का जुंदिशापुर क्यों चर्चा में ?

जुंदिशापुर और ईरान अमेरिका / इजरायल युद्ध…!!

by हिंदी विवेक
in विज्ञान
0

ईरान और अमेरिका / इजरायल के बीच युद्ध जारी है। दो सप्ताह से ज्यादा समय हो चुका है। एक दूसरे पर जबर्दस्त बमबारी हो रही है। विशेषतः अमेरिका, ईरान पर भयानक और विनाशक बम बरसा रहा है। ऐसे में, मैं खोज रहा था, ईरान के जुंदिशापुर के क्या हाल हैं?

सौभाग्य से जुंदिशापुर (ईरान में वर्तमान समय में इसका आधिकारिक नाम – Gundishapur), अभी बचा हुआ है, सुरक्षित है। जिनेवा संधि / सम्मेलन (Geneva Convention) के अनुसार, युद्ध के प्रसंग में किसी भी देश के पुरातत्व महत्व के स्थान पर बमबारी करना, अपराध माना गया है। उस पर, जुंदिशापुर तो यूनेस्को द्वारा संरक्षित स्मारक है।

अर्थात, अमेरिका को जिनेवा संधि की बहुत कुछ पड़ी नहीं है। उसकी बमबारी के कारण गोलेस्तान पैलेस (तेहरान) और चेहेल सोटौन पैलेस (इस्फाहन), ऐतिहासिक महत्व के स्थान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। यूनेस्को ने इस पर चिंता प्रकट की है। किंतु अमेरिका को इसकी परवाह है, ऐसा लगता नहीं।

अमेरिका जहां पर पूरी ताकत के साथ बमबारी कर रहा है, वो स्थान हैं – इस्फान (कहते हैं, इसके आसपास ईरान के मिसाइल्स और परमाणु हथियारों के ठिकाने हैं), कोम, करज, केरमान्शाह, लोरेस्तान, ताब्रिज, कनाराक के नौसैनिक अड्डे आदि। इनमें जुंदिशापुर का क्षेत्र नहीं है।

जुंदिशापुर, ईरान के 31 राज्यों में से एक, खुजेस्तान में है। ईरान के बिल्कुल दक्षिण-पश्चिम में, पर्शियन गल्फ से लगा हुआ। यूनेस्को के संरक्षण में है।

जुंदिशापुर का इतना महत्व क्यों..?

जुंदिशापुर ऐतिहासिक महत्व का स्थान है। किसी जमाने में यहां विश्वविद्यालय हुआ करता था। गणित और खगोल शास्त्र का यहां अभ्यास होता था, शोध होते थे। उन दिनों इरान में पारसी लोग थे। पारसी राजा थे। ये सारे ज्ञान के पूजक थे। हमारे देश में जब तक्षशिला पर हुणों के आक्रमण हो रहे थे, उन दिनों ईरान के राजा शापुरजी (प्रथम) ने यहां पर विश्वविद्यालय की स्थापना की थी।

किंतु, इस जुंदिशापुर की एक और विशेषता है। इस विश्वविद्यालय पर भारतीय विद्वानों का प्रभाव था। यहां अनेक भारतीय आचार्य विद्यादान करते थे। तीसरी शताब्दी से इस्लामी आक्रमण होने तक, अर्थात सातवीं शताब्दी तक, यह विश्वविद्यालय फलता-फूलता रहा। छठी शताब्दी के पारसी राजा खोसरोव (प्रथम) ने विश्वविद्यालय को और सशक्त किया।

अनेक नए पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिए आचार्यों को प्रोत्साहित किया। आयुर्वेद, शरीरशास्त्र, खगोल शास्त्र, गणित आदि विषयों का विस्तृत अभ्यास होता था। यह विश्वविद्यालय, संस्कृत के ग्रंथों को पहलवी और अरबी भाषाओं में अनुवाद करने का केंद्र था। अनेक आयुर्वेदिक ग्रंथों का मध्य पर्शियन (पहलवी) भाषा में अनुवाद किया गया।

पंचतंत्र का अनुवाद, ‘कलिला वा दिमना’ नाम से, उन दिनों अत्यंत लोकप्रिय था। उन दिनों पारसी प्राध्यापक बोर्झुया, जो जीव विज्ञान / शरीर शास्त्र / आयुर्वेद का अध्यापन कर रहे थे, उन्होंने भारत का भ्रमण करके, अनेक भारतीय ग्रंथों का संग्रह किया था।

आर्यभट्ट और ब्रह्मगुप्त की पुस्तकों का विश्वविद्यालय में अध्यापन होता था। बाद में इन पुस्तकों का अरबी और पहलवी भाषा में भी अनुवाद हुआ।

प्राचीन पर्शियन ग्रंथों में, अनेकों बार भारतीय विद्वानों का, उनकी पुस्तकों का उल्लेख आता है। पर्शिया (प्राचीन ईरान) में इस्लामी शासन आने के बाद भी भारतीय प्रभाव बना रहा। पर्शिया के प्रख्यात गणितज्ञ अल – ख्वारिझ्मी ने भारतीय अंकगणित पर एक पुस्तक लिखी, जो आने वाले सैकड़ों वर्षों तक, ईरान में गणितीय अध्ययन का आधार ग्रंथ रही।

अल् बिरूनी (वर्ष 973 – वर्ष 1048) का तो अनेकों बार उल्लेख आता है। वह महमूद गजनी के साथ भारत आए। यहां की विद्वत्ता देखकर आश्चर्यचकित रह गए। उन्होंने संस्कृत का गहन अध्ययन किया। ‘किताब-उल-हिंद’ नाम की पुस्तक लिखी, जिसमें भारतीय ज्ञान परंपरा की प्रशंसा की है। ‘तारीख-अल-हिंद’ (भारत का इतिहास), यह उनकी भारतीय संस्कृति पर लिखी पुस्तक है।

जुंदिशापुर के साथ एक और महत्व का इतिहास जुड़ा है।

वराहमिहिर (वर्ष 505 – वर्ष 587) उज्जैन में खगोल शास्त्र और गणित के विद्वान के रूप में प्रस्थापित हो रहे थे। उन्हीं दिनों पर्शिया (ईरान) के राजा खोसरोव – प्रथम (वर्ष 531 – वर्ष 579), जुंदिशापुर को नया और विस्तारित रूप देने का प्रयास कर रहे थे। वराहमिहिर की ख्याति सुनकर, खोसरोव (प्रथम) ने उन्हें जुंदिशापुर आमंत्रित किया।

The sutras of Acharya Varahamihira and Bhartrihari, in which the mantra of simple and successful life is hidden

वराहमिहिर ने जुंदिशापुर में खगोलीय वेधशाला स्थापित की। वहां के अध्यापकों को खगोल शास्त्र और गणित के बारे में नई जानकारी दी। बाद में भारत लौटकर, वराहमिहिर ने भिन्न-भिन्न देश की खगोलीय संकल्पनाओं पर आधारित ‘पंच सिद्धांतिका’ की रचना की। यह पांच सिद्धांत थे –

सूर्य सिद्धांत         –  भारतीय

वशिष्ठ सिद्धांत      –  भारतीय

पितामह सिद्धांत   –  प्राचीन भारत

पौलिसा सिद्धांत   –  ग्रीक (यूनानी)

रोमिका सिद्धांत    –  रोमन

इसका अर्थ स्पष्ट है, हमारे पूर्वज, हमारे पुरखे, अन्य देशों की ज्ञान परंपरा का सम्मान करते थे। उनका अध्ययन करते थे। वह कभी भी कूपमंडूक नहीं रहे।

वर्ष 651 में, पर्शिया पर अरबों का आक्रमण हुआ। तब तक अरब, मुस्लिम बन गए थे। उन्होंने पर्शिया से पारसी लोगों को भगाया (उनमें से कुछ लोगों ने भारत में आश्रय लिया)। बाद में जुंदिशापुर तथा अन्य स्थानों के प्राध्यापक और विद्वानों ने बगदाद की ओर रुख किया।

अगले सौ – डेढ़ सौ वर्षों में, बगदाद के खलीफा हारून-अल-रशीद ने ‘ज्ञान का घर’ (House of Wisdom. अरबी भाषा में – ‘बैत-अल-हिकमा’) संस्थान खड़ा किया। इस पुस्तकालय / अनुसंधान केंद्र में, बड़े पैमाने पर अनुवाद का काम होता था। अनुवाद भी किसका? भारतीय ग्रंथों का, संस्कृत ग्रंथों का।

बाद में इटली के सिसिली और तोलेडो में इन अरबी ग्रंथों का लैटिन भाषा में अनुवाद किया गया। भारत का ज्ञान यूरोप पहुंचा, वो इस रास्ते से भी।

छठी से दसवीं शताब्दी के बीच अनेक भारतीय विद्वानों के ग्रंथों का अरबी में अनुवाद हुआ। इनमें आर्यभट, वराहमिहिर, ब्रह्मगुप्त, सुश्रुत आदि प्रमुख थे। ब्रह्मगुप्त के ‘सिद्धांत’ का अरबी में अनुवाद ‘सिंधिंद’ (Sindhind) नाम से हुआ। सुश्रुत के पुस्तक को अरबी में ‘किताब-ए-सुसरुद’ कहा गया।

पर्शिया पर इस्लाम मानने वाले अरबों का शासन आने के बाद भी, वे अरब, भारत की ज्ञान परंपरा का अत्यंत सम्मान करते थे। हारून-अल- रशीद ने अपने अधिकारियों को भारत के विश्वविद्यालयों में जाकर, प्रतिभावान छात्रों को पर्शिया (प्राचीन ईरान) में लाने का प्रयास करने के लिए कहा था। संभवत: यह विश्व का पहला ‘कैंपस इंटरव्यू’ था..!

हारून-अल-रशीदी की अपील पर अनेक प्रतिभावान भारतीय छात्र बगदाद में आए। उनमें से अधिकतर, संस्कृत के विद्वान थे, जिन्होंने अनेक संस्कृत ग्रंथों का अरबी भाषा में अनुवाद किया। ‘मनका’ जैसा प्रसिद्ध राजवैद्य भी पर्शिया आया था। उसने सुश्रुत, चरक समवेत अनेक विद्वानों के संस्कृत ग्रंथों को अरबी में प्रस्तुत किया।

प्राचीन पर्शियन विद्वान अल-जाहिज (776 – 868) ने भारतीयों के बारे में लिखा है — ‘The Indians are distinguished in the sciences of astronomy, arithmetic and medicine.’ (भारतीय लोक, खगोल विज्ञान, अंक गणित और चिकित्सा के क्षेत्र में विशिष्ट स्थान रखते हैं).

दसवीं शताब्दी के ईरान के अल-मसूरी ने लिखा है — ‘Among the nations, the Indian excel in astronomy and mathematics.’ (अन्य देशों की तुलना में भारतीय, खगोल विज्ञान और गणित में उत्कृष्ट हैं).

ग्यारहवीं शताब्दी के अल-बरूनी (973 – 1048) की पुस्तक, ‘किताब-अल-हिंद’, भारतीयों की प्रशंसा से भरी पड़ी है, वे लिखते हैं — ‘The Hindus are very skilled in the science of numbers and calculations.’

(हिन्दू, गणित और गणना विज्ञान में अत्यधिक कुशल हैं).

वे आगे लिखते हैं — ‘The Hindu possess a great deal of scientific knowledge, particularly in astronomy, mathematics and the calculation of eclipses.’ (हिन्दुओं के पास वैज्ञानिक ज्ञान का एक बड़ा भंडार है। विशेष रूप से खगोल विज्ञान, गणित और ग्रहणों की गणना का!)

संक्षेप में, आज का ईरान जब पर्शिया था, पारसी राजाओं की छत्रछाया में फल-फूल रहा था, तब भारतीय विद्वानों को पर्शिया में बड़ा सम्मान था। उन्हें आदर पूर्वक पर्शिया बुलाया जाता था। वराहमिहिर ने पारसी राजा के अनुरोध पर वेधशाला और खगोलीय गणना केंद्र स्थापित किए।

अनेक महत्वपूर्ण भारतीय ग्रंथों का पहलवी और अरबी भाषा में अनुवाद हुआ। यह श्रृंखला, पर्शिया पर मुस्लिम अरबों के कब्जे के बाद भी, ग्यारहवीं / बारहवीं शताब्दी तक चलती रही। बाद में, जब भारत पर ही मुस्लिम आक्रांता शासन करने लगे, तो भारतीयों के प्रति सम्मान जाता रहा और पर्शिया ने भारत के विद्वानों को बुलाने की प्रथा / परंपरा समाप्त की..!

-प्रशांत पोळ

 

Share this:

  • Share on X (Opens in new window) X
  • Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
  • Share on LinkedIn (Opens in new window) LinkedIn
  • Share on Telegram (Opens in new window) Telegram
  • Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp
Tags: #IranWar #Gundishapur #WorldHistory #IndiaKnowledge #UNESCO #MiddleEastConflict #AncientUniversity #Aryabhata #Varahamihira #GlobalHistory #BreakingNews #IranIsraelWarhindivivekiran

हिंदी विवेक

Next Post
ram mandir

श्रीराम जन्मभूमि : श्रीराम यंत्र की स्थापना

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हिंदी विवेक पंजीयन : यहां आप हिंदी विवेक पत्रिका का पंजीयन शुल्क ऑनलाइन अदा कर सकते हैं..

Facebook Youtube Instagram

समाचार

  • मुख्य खबरे
  • मुख्य खबरे
  • राष्ट्रीय
  • राष्ट्रीय
  • क्राइम
  • क्राइम

लोकसभा चुनाव

  • मुख्य खबरे
  • मुख्य खबरे
  • राष्ट्रीय
  • राष्ट्रीय
  • क्राइम
  • क्राइम

लाइफ स्टाइल

  • मुख्य खबरे
  • मुख्य खबरे
  • राष्ट्रीय
  • राष्ट्रीय
  • क्राइम
  • क्राइम

ज्योतिष

  • मुख्य खबरे
  • मुख्य खबरे
  • राष्ट्रीय
  • राष्ट्रीय
  • क्राइम
  • क्राइम

Copyright 2024, hindivivek.com

Facebook X-twitter Instagram Youtube Whatsapp
  • परिचय
  • संपादकीय
  • पूर्वाक
  • देश-विदेश
  • पर्यावरण
  • संपर्क
  • पंजीकरण
  • Privacy Policy
  • Terms and Conditions
  • Disclaimer
  • Shipping Policy
  • Refund and Cancellation Policy

copyright @ hindivivek.org by Hindustan Prakashan Sanstha

Welcome Back!

Login to your account below

Forgotten Password?

Retrieve your password

Please enter your username or email address to reset your password.

Log In

Add New Playlist

No Result
View All Result
  • परिचय
  • संपादकीय
  • पूर्वांक
  • ग्रंथ
  • पुस्तक
  • संघ
  • देश-विदेश
  • पर्यावरण
  • संपर्क
  • पंजीकरण

© 2024, Vivek Samuh - All Rights Reserved

0